Chamoli News: नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप, औली में होगा खेलों का रोमांच; कई टीमें पहुंची
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 05:16 PM (IST)
चमोलीः उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध औली में नेशनल स्कीइंग विंटर कार्निवल शुक्रवार को आगाज हुआ। प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर स्कीइंग नेशनल चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। सतपाल महाराज ने आज नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप कार्निवल का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट संकल्प के परिणामस्वरूप उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल संभव हो सकी है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक भावनाओं का अद्वितीय संगम है। उन्होंने कहा समुद्र तल से 2500 से 3050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली, अपने विस्तृत प्राकृतिक ढलानों, ओक और देवदार के वनों तथा नंदा देवी, कामेट और माणा जैसे हिमालयी शिखरों के दिव्य द्दश्यों के कारण भारत का प्रमुख विंटर गंतव्य बन चुका है। यहाँ की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थल बनाती है। उन्होंने कहा कि आज से शुरू होने वाली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप कार्निवल 16 फरवरी तक चलेगी। मंत्री सतपाल ने कहा इस अवधि में गतिविधियां संचालित होंगी। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोककलाओं की प्रस्तुतियां भी इस आयोजन को एक अद्वितीय उत्सव बना रही है।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक खेलों को बढ़ावा दिए जाने हेतु औली में विंटर कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है जिसे प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाएगा। अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के सथ सूर्य देवभूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है जिसके अंतर्गत हेलंग से उग्गम, रूद्रनाथ, मंडल होते हुए उखीमठ तक कुल 91 किमी, ट्रेल का आयोजन किया जाएगा।
आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की सफलता के पश्चात चमोली की नीति घाटी में 31 मई को नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन किया जाना है जिसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी. अल्ट्रामैराथन एवं मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी. मैराथन आयोजित होगी। कार्यक्रम में विदेशी प्रतिभागियों की उपर्थिति सुनिश्चित किए जाने हेतु भी प्रयास किए जा रहे है। जून में भारतीय सेना के साथ मिलकर बद्रीनाथ एवं माणा में देवभूमि कल्वरल फेस्टिवल के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि 80 के दशक में कुमाऊं से गढ़वाल के मध्य होने वाली प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली का वर्ष 2026 में पुन: आयोजन प्रस्तावित है। पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार-प्रसार हेतु गत माह एक्रो फेस्टिवल का आयोजन किया गया है जिसे कैलेंडर इवेंट की तरह हर साल आयोजित किया जाएगा।
पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुण्ड रोपवे का निर्माण कार्य इस वर्ष से होना प्रस्तावित है। रोपवे के निर्माण इन दोनों धामों में आने वाले श्रद्वालुओं को सुविधा प्रदान होगी। उन्होंने कहा कि औली स्थित रोपवे की शीघ्र मरमत की जाएगी जिसके लिए तकनीकी टीम जोशीमठ पहुंच गई है। इस अवसर पर पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ देवेश्वरी शाह, जोशीमठ के ब्लाक प्रमुख अनूप नेगी भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार चमोली ,एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
