महिला के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर चाइल्ड पोर्नोग्राफी बांट रहा था युवक, मुकदमा दर्ज

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 02:14 PM (IST)

Uttarakhand News: उत्तराखंड में पिथौरागढ़ पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ पुलिस को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसमें सोशल मीडिया पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। 

इसके बाद पिथौरागढ़ पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक ने अपने मोबाइल फोन में चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री डाउनलोड कर उसे फेसबुक के माध्यम से साझा किया था। मामले में कैलाश चन्द्र जोशी ने आरोपी विपिन चन्द्र जोशी निवासी चहज, थाना गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कराया। 

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सोशल मीडिया पर महिला के नाम से फर्जी एकाउंट बनाकर लोगों से संपर्क करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन में बाल अश्लील वीडियो और फोटो संग्रहित मिले,जिन्हें सोशल मीडिया मंचों के जरिए साझा भी किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में ले लिए हैं। मामले में विस्तृत पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। पता चला है कि जिले में बाल अश्लील सामग्री से संबंधित पांच अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News