फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, शरण देने वाला भारतीय नागरिक भी पकड़ा
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:53 AM (IST)
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने बताया कि महिला के साथ ही उसे शरण देने वाले एक भारतीय नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पुलिस और 'एलआईयू' की संयुक्त टीम ने बुधवार को ज्वालापुर क्षेत्र में सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध महिला को पकड़ा।
जानिए पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, पहले महिला ने अपना नाम स्वीटी बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान बांग्लादेश के कुमीला की रहने वाली सहेला बेगम (41) के रूप में बतायी। एसएसपी के मुताबिक जांच में सामने आया कि सहेला बेगम का अपने पति से अलगाव हो गया था और 2023 में वह सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के श्यामदास (45) की सलाह पर भारत आ गई।
मददगार ने बनवाए फर्जी दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, भारत में 90 दिन का वीजा खत्म होने के बाद वह दिल्ली में श्यामदास के साथ रहने लगी और बाद में दोनों हरिद्वार आ गए। पुलिस का कहना है कि यहां श्यामदास की मदद से महिला ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और विवाह प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज बनवा लिए। पुलिस ने महिला के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के अलावा बांग्लादेश का पासपोर्ट और नागरिकता पहचान पत्र भी बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में महिला को शरण देने और फर्जी दस्तावेज बनवाने में मदद करने के आरोप में श्यामदास को भी गिरफ्तार कर लिया है।
