देहरादून के क्लब में आग के खेल ने मचाया तांडव ! सैंकड़ों लोग थे मौजूद ; मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 08:25 AM (IST)

देहरादूनः राजधानी देहरादून में स्थित सर्किल क्लब में शनिवार रात आग भड़कने से लोगों की जान पर बन आई। दरअसल, क्लब में आग का खेल चल रहा था। इस दौरान क्लब के दो कर्मचारी शराब में आग लगाकर उसे मुंह से उड़ाकर करतब दिखा रहे थे। तभी अचानक आग उनके मुंह पर पड़ गई। दोनों बुरी तरह झुलसे है। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना राजपुर रोड स्थित सर्किल क्लब की है। जहां शनिवार रात बार टेंडरों के द्वारा मुंह से आग उगलने वाला करतब शुरू किया गया। सूत्रों की मानें तो दो टेंडरों ने पहले शराब में आग लगाई। इसके बाद उसे मुंह से उड़ाकर करतब दिखा रहे थे। इसी बीच अचानक एक चिंगारी पलटकर उनके मुंह पर ही भड़क उठी। हादसे में दोनों के चेहरे आग से बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद सैंकड़ों लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

आनन-फानन में घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। गनीमत यह रही कि लोगों की जान बाल-बाल बची है। समय रहते आग पर काबू पाया गया। नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। क्लब संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में ऐसे खतरनाक करतबों को लेकर चेतावनी दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News