आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी, मंत्री रेखा आर्या बोलीं- जल्द मिलेगी बड़ी खुशखबरी

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 07:58 PM (IST)

उत्तराखंड: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जल्द ही इस संबंध में बड़ी और अच्छी खबर मिल सकती है।  ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में श्रीराम जानकी मंडप में आयोजित उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। 

उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सरकार ने पदोन्नति के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली एकमुश्त धनराशि में भी बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन देने की योजना पर भी गंभीरता से काम कर रही है। वर्ष 2026 में इस संबंध में अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

अधिवेशन में संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। रेखा आर्या ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया।  इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News