मूसलाधार बारिश का कहर: उत्तराखंड के 4 जिलों में ''ऑरेंज अलर्ट'' जारी, 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 04:10 PM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन से अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं और नदी-नाले उफान पर आ गए जबकि मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी व उधमसिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ 'ऑरेंज अलर्ट' तथा शेष जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किए जाने के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह चौकस है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मुख्य रूप से नरेंद्रनगर में 265 मिमी, काशीपुर में 170, यमकेश्वर में 174, कोटद्वार में 141, रामनगर में 131, सहस्रधारा में 120.5 मिमी, हाथीबड़कला में 119.5, मालदेवता में 114, काशीपुर में 111.5, जसपुर में 100 मिमी, कालाढूंगी में 83.5, बाजपुर में 71, देहरादून में 70.6, मसूरी में 65.5 और रामनगर में 53 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से भूस्खलन के कारण प्रदेश में अनेक सड़कें अवरुद्ध हो गईं जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं।
मंदिर परिसर में घुसा मलबा
अधिकारियों के अनुसार, उत्तरकाशी जिले में दुर्बिल एवं जंगलचट्टी के पास मलबा आने से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। इसके अलावा, भारी बारिश के दौरान चमोली जिले में स्थित कल्पेश्वर मंदिर परिसर में मलबा घुस गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उधर, लगातार बारिश से प्रदेश में नदी-नालों का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए खतरा बन रहा है जहां देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में दो घटनाओं में छह छात्रों समेत आठ लोग फंस गए। हालांकि, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
देहरादून के सभी स्कूल बंद
उधर, मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और उधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ 'ऑरेंज अलर्ट' तथा शेष जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के अधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। तेज बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए देहरादून में कक्षा एक से 12 तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई।
