पुष्कर सिंह धामी ने कहा- समाज का विकास केवल तभी हो सकता है, जब महिलाओं का हो सशक्तिकरण
punjabkesari.in Sunday, Jan 29, 2023 - 02:14 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज का विकास केवल तभी हो सकता है, जब महिलाओं का सशक्तिकरण हो। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अपनी सरकार के अहर्निश काम करने का दावा करते हुए धामी ने कहा कि सरकारी सेवाओं में राज्य की महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देते हुए हाल में विधानसभा से पारित किया गया कानून उसी दिशा में एक कदम है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की उत्तराखंड इकाई द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यपाल गुरमीत सिंह इस विधेयक को मंजूरी दे भी चुके हैं।
वहीं मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार द्वारा चलाई गई मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना और पोषण योजना जैसी अन्य महिला केंद्रित योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘आजकल महिलाएं शिक्षा, खेलकूद एवं स्वास्थ्य समेत जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी छलांग लगा रही हैं। पृथक उत्तराखंड राज्य के निर्माण के संघर्ष की उनकी भूमिका भुलाई नहीं जा सकती है। विकसित समाज की आधारशिला महिलाओं को सशक्त किए बिना नहीं डाली जा सकती है।''
वहीं पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बेटियों को आगे लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जीवनस्तर को सुधारा जा रहा है तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने बालिका शिशु के प्रति समाज का नजरिया बदला है।