Wildlife corridor: दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे परियोजना का मुख्य आकर्षण है 12 KM लंबा वन्यजीव गलियारा
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:20 PM (IST)
Delhi-Dehradun Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक निर्मित 212 किलोमीटर लंबे छह लेन ग्रीनफील्ड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे को राष्ट्र को समर्पित किया। यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ेगा। करीब तीन वर्ष में तैयार इस एक्सप्रेस-वे पर वाहन बिना रुके तेज गति से संचालित हो सकेंगे और दिल्ली से देहरादून की यात्रा लगभग ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी।
वन्यजीवों की आवाजाही के लिए बनाया गलियारा
परियोजना में 16 प्रवेश एवं निकास प्वाइंट, 12 टोल प्लाजा तथा 76 किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण किया गया है। करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेस-वे पर 62 फ्लाईओवर और 113 अंडरपास बनाए गए हैं। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। वन्यजीवों की आवाजाही के लिए विशेष अंडरपास तथा हाथियों के लिए सुरक्षित गलियारा विकसित किया गया है।

12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव गलियारा
परियोजना का मुख्य आकर्षण 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव गलियारा है। इसके नीचे राजाजी नेशनल पार्क और शिवालिक वन क्षेत्र में हिरण, हाथी तथा अन्य वन्यजीव सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकेंगे। गलियारे का निर्माण इस प्रकार किया गया है कि वाहनों की रोशनी और ध्वनि का वन्यजीवों पर न्यूनतम प्रभाव पड़े।
इस एक्सप्रेस-वे से उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच संपर्क मजबूत होगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। राज्यमंत्री जसवंत सैनी और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क मार्ग नहीं, बल्कि विकास और रफ्तार का नया मार्ग है।
