उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी ! आज इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना, अलर्ट जारी
punjabkesari.in Friday, Dec 26, 2025 - 09:42 AM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। इसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदेशभर में सुबह-शाम हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। जबकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। साथ ही शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जनपदों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन मैदानी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति की संभावना भी जताई गई है। हालांकि प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।
देहरादून के मौसम की बात करें तो आज आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। देहरादून का अधिकतम तापमान 21°C और न्यूनतम तापमान 8°C के लगभग रहने की संभावना है। बता दें कि उत्तराखंड के मैदानी इलाको में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहता है। जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। कोहरे के कारण दृश्यता कम रहती है। जिस वजह से सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और जरूरत न होने पर यात्रा से बचने की अपील की है।
