देहरादून में विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, 80 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार; मचा हड़कंप

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 04:50 PM (IST)

देहरादूनः राजधानी देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार बिजली कनेक्शन जारी करने और बिजली का लोड बढ़ाने के बदले उससे 80 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। यह कनेक्शन शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम से खरीदे गए अपार्टमेंट के लिए लिया जाना था।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर ट्रैप ऑपरेशन चलाया। ट्रैप के दौरान विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News