उत्तरकाशी: ब्रिडकुल ने परियोजना प्रबंधक को किया निलंबित, भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप; जानिए क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 11:14 AM (IST)

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ब्रिडकुल ने परियोजना प्रबंधक को निलंबित किया गया है। अधिकारी पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगा है। दरअसल, सौड़–ओसला मोटर मार्ग पर गंगाड गाड़ में बन रहे आरसीसी पुल के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्रिडकुल प्रबंधन ने परियोजना प्रबंधक अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि पुल निर्माण में बजरी की जगह मिट्टी मिलाई जा रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने प्राथमिक जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। ब्रिज, रोपवे, टनल एंड अदर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (ब्रिडकुल) द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत किमी 16 पर सौड़ से ओसला के बीच 30 मीटर आरसीसी स्पैन स्टील ट्रस पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण में तय मानकों के विपरीत रेत की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा प्लम कंक्रीट में प्लम की मात्रा भी निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रिडकुल प्रबंधन ने उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत कार्रवाई करते हुए परियोजना प्रबंधक अजय कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें ब्रिडकुल मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि इस तरह की अनियमितताओं से न केवल विभाग की छवि प्रभावित हुई है, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। यह स्थिति निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही को भी दर्शाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News