Uttarakhand: CM धामी ने खिलाड़ियों को खेल रत्न और प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य अवार्ड से किया सम्मानित

Friday, Mar 24, 2023 - 06:14 PM (IST)

देहरादून (आशीष रमोला): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने आज शुक्रवार को खिलाड़ियों को खेल रत्न (Khel Ratna) और प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य अवार्ड (Dronacharya Award) से सम्मानित किया। इसके साथ ही वर्ष 2021 और 2022 के राष्ट्रीय स्तर के 168 पदक विजेता खिलाड़ियों एवं 42 प्रशिक्षकों को नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया। इसके लिए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को 2.08 करोड़ की धनराशि वितरित गई।


बता दें कि आज उत्तराखंड के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल विभाग ने देहरादून परेड ग्राउंड (Dehradun Parade Ground) में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वर्ष 2019-20, 2020-21 और 2021-22 तक के देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार, देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार, लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार (Lifetime Achievement Award) एवं वर्ष 2021 और 2022 में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए सभी खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एंव अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर एवं पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। जब कोई खिलाड़ी अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रहा होता है, तो पूरे देश की भावनाएं उससे जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में ‘‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना‘‘ प्रारंभ की गई है। प्रत्येक जिले के 150 बालक और 150 बालिकाओं अर्थात प्रदेश के कुल 3900 उभरते खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को भी पुन: प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं।

ये भी पढ़े...
बड़ी कंपनियों की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत, शक्तिशाली भारत और समृद्धशाली भारत का निर्माण हो रहा है। खेलों के क्षेत्र में भी भारत का मान सम्मान बढ़ रहा है, दुनिया में कहीं भी खेल का मैदान हो, आज भारत का तिरंगा शान से लहराता हुआ दिखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहलें प्रारंभ की हैं। खेलो इंडिया कार्यक्रम इसी सोच का एक सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। सीएम धामी ने कहा कि आज देश में खेल प्रतिभाओं को हर स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है और उन्हें बेहतर से बेहतर ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जब हम अपना लक्ष्य निर्धारित करते हैं और उस पर आगे बढ़ते हैं, तो सफलता अवश्य मिलती है।



उन्होंने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए जो जिस क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक साल में खेल के क्षेत्र में अनेक निर्णय लिये हैं। राज्य में नई खेल नीति बनाई गई, जिसमें खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेलों को भी खेल नीति में जोड़ा है। राज्य के 8 से 14 साल के 3900 बच्चों को प्रतिमाह 1500 रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत दी जा रही है। वर्ष 2024 में 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड करेगा। इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव, खेल, अभिनव कुमार, निदेशक, खेल जितेन्द्र कुमार सोनकर उपस्थित थे।



इन्हें किया गया सम्मानित :-
- वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया गया।
- वर्ष 2020-21 के लिए एथलेटिक्स चन्दन सिंह को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिंटन प्रशिक्षक धीरेन्द्र कुमार सेन को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया।
- वर्ष 2020-21 के लिए ताईक्वांडो प्रशिक्षक कमलेश कुमार तिवारी को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- वर्ष 2021-22 के लिए तीरंदाजी प्रशिक्षक संदीप कुमार डुकलान को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया।
- सुरेश चंद्र पांडे को प्रशिक्षक के रूप में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

Harman Kaur

Advertising