उत्तराखंड बस हादसाः दून अस्पताल पहुंचे CM धामी, घायल यात्रियों का जाना हाल-चाल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 03:09 PM (IST)

देहरादूनः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को कालसी क्षेत्र के क्वानू-मीनस मोटर मार्ग पर बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हाल-चाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करके उनसे बातचीत की और कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकीय टीम को सभी घायलों को सर्वोत्तम एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने को कहा। सीएम धामी ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम धामी ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से फोन पर विकासनगर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उपचार करा रहे हिमाचल के सभी घायलों का समुचित और निशुल्क उपचार राज्य सरकार की तरफ से किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News