इन अधिकारियों ने भाजपा पार्टी का दामन थामा

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 04:57 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में कई पूर्व सैनिकों ने रविवार को देहरादून के बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के मीडिया प्रदेश प्रभारी मनवीर चौहान ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक पहुंचे और पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की इच्छा जताई।

इस दौरान कार्यालय में मौजूद प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने उनसे बातचीत करके संगठन की रीति नीति की जानकारी दी। इसके बाद सभी को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई। सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए परिहार ने कहा, भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को जीने वाली पार्टी है। हम राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम की अवधारणा को अपनाने वाले कार्यकर्ताओं का दल है। हमारे इन विचारों, सिद्धांतों और भावनाओं को सैनिकों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। ऐसे में आप सभी जवानों का अनुशासित जीवन और कर्मठता पार्टी को और अधिक मजबूत करेगा। ताकि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हम समय पूर्व प्राप्त करने में सफल हों।

पार्टी में शामिल होने वालों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, मदन सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी, भगत सिंह राणा के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News