संवाददाता सम्मेलन में बोले निशंक- PM मोदी ने 10 वर्षों में देश की छवि बदलने का किया काम

Tuesday, Apr 02, 2024 - 10:56 AM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देश की छवि बदलने का काम किया है और इस दौरान देश की साख में जमीन-आसमान का अंतर आया है। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में निशंक ने कहा कि 2014 में जब मोदी प्रधानमंत्री बने, उस समय देश में ‘‘निराशा का माहौल'' था। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास' के साथ पांच वर्ष काम किया, जिसके बाद वह उसे आगे बढ़ाते हुए ‘सबका प्रयास और सबका विश्वास' तक लाए। आज विकास, जनकल्याण और देश की साख को लेकर जमीन-आसमान का अंतर आ गया है।''

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि जितना काम 50 साल में कांग्रेस की सरकारों ने किया, उससे कहीं अधिक काम भाजपा सरकार ने 10 साल में किए हैं। निशंक ने कहा, ‘‘देश ने कांग्रेस का वह दौर भी देखा है, जिसमें भारत और उसके प्रधानमंत्री को दुनिया गंभीरता से नहीं लेती थी। वहीं आज दुनिया के प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय पर मोदी और भारत की राय बेहद अहम होती है।'' भाजपा नेता ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बना और जन्मभूमि मंदिर को लेकर 500 वर्ष का इंतजार समाप्त हुआ।

निशंक ने कहा कि 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उन्हें घोषणापत्र बनाने का जिम्मा दिया गया था और आज उसमें व्यक्त अधिकांश संकल्पों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरा करने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर कम से कम पांच लाख के अंतर से भाजपा को ही जिताएगी।

Nitika

Advertising