उत्तराखंड में कण्वाश्रम को अयोध्या की तर्ज पर किया जाएगा विकसित: BJP उम्मीदवार अनिल बलूनी

Thursday, Mar 21, 2024 - 10:22 AM (IST)

कोटद्वारः गढ़वाल (पौड़ी) लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अनिल बलूनी ने कहा है कि यहां से 14 किलोमीटर दूर स्थित पवित्र स्थल कण्वाश्रम को अयोध्या की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

कण्वाश्रम का उल्लेख प्राचीन हिंदू ग्रंथों में राजा भरत के जन्मस्थान के रूप में किया गया है, जिनके नाम पर भारत का नाम ‘भारतवर्ष' पड़ा। इसी स्थान पर ऋषि विश्वामित्र और कण्व ने ध्यान एवं तप किया था। भाजपा द्वारा लोकसभा सीट के लिए बलूनी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद उन्होंने रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के पहले दौरे में यह घोषणा की। उन्होंने कौड़िया शिविर से झंडा चौक तक एक रोड शो किया जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया।

बलूनी ने कहा कि अगर उन्हें कोटद्वार की जनता का आशीर्वाद मिला तो वह कण्वाश्रम को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करेंगे ताकि देश-विदेश से लोग इसे देखने आएं। उन्होंने कोटद्वार से अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि 20 साल पहले उन्होंने विधानसभा के लिए अपना पहला चुनाव पौड़ी गढ़वाल जिले के शहर से लड़ा था। उन्होंने कहा कि उनके रोड शो में बड़ी संख्या में भीड़ का एकत्र होना और लोगों का उत्साह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है। बलूनी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। राज्य के लोग देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन हैं। उन्होंने घोषणा की है कि यह दशक उत्तराखंड का है और प्रधानमंत्री का सपना अगले पांच वर्ष में राज्य को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाना है।''

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त लहर है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को न तो चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार मिल रहे हैं और न ही लोगों के पास जाकर वोट मांगने के लिए कार्यकर्ता मिल रहे हैं।

Nitika

Advertising