हरिद्वार में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया नशा तस्कर, 4.83 लाख की स्मैक बरामद
punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 10:22 AM (IST)
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर पुलिस ने गुरुवार को कहा कि 16.10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.83 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज उपनिरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम लंढौरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 16.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी कब्जे में ली। पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान फैज मौहम्मद पुत्र फरागत निवासी रणसूरा, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली मंगलौर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
