BJP को अपने ही ''गढ़'' में लगा तगड़ा झटका, नगर पंचायत चुनाव में मिली करारी शिकस्त; निर्दलीयों ने मारी बाजी
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 02:30 PM (IST)
Uttarakhand News: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा के साथ ही उनके गृह जनपद में ऊधमसिंह नगर में नगर पंचायत चुनाव के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को गुरुवार को बड़ा झटका लगा है। चंपावत की पाटी नगर पंचायत के साथ ही गढ़ी नेगी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा है।
धामी के गृह जिले ऊधमसिंह नगर की गढ़ी नेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने भाजपा उम्मीदवार सचिन बाठला को 94 मतों से हराकर जीत दर्ज की। सुखीजा को 2047 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 1953 मत प्राप्त हुए। ऊधम सिंह नगर जिले की काशीपुर के गढ़ी नेगी को धामी सरकार ने हाल ही में ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा दिया था और यह इसका पहला चुनाव था। ऐसे में इस चुनाव पर राजनीतिक दलों की विशेष नजर बनी हुई थी।
यह भी पढ़ें- अनियंत्रित होकर नदी में गिरी बोलेरो, 4 लोगों की मौत; भीषण हादसे से मचा कोहराम
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला था। इस चुनाव में मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। 9 जून को हुए मतदान में 90.06 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया था। कुल 2294 महिला और 2377 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां बता दें कि मुख्यमंत्री की चंपावत विधानसभा की पाटी नगर पंचायत में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है, जहां निर्दलीय नारायण लाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री के गृह जनपद ऊधम सिंह नगर में गढ़ीनेगी नगर पंचायत का परिणाम सामने आने के बाद विपक्ष को भाजपा पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया है।
