LIVE: उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही शुरू, धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक

Tuesday, Mar 14, 2023 - 12:40 PM (IST)

गैरसैंण: उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। इस दौरान विपक्ष ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, कांग्रेस विधायक गन्ना किसानों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। इसी दौरान विपक्ष ने नियम 310 में चर्चा की मांग की। जिसके बाद पीठ ने नियम 58 में सुनने की स्वीकृति दी और प्रश्नकाल शुरू हुआ।

 


बजट सत्र के दूसरे दिन आज विपक्ष प्रश्नकाल और शून्यकाल के दौरान सत्तपक्ष को घेरने का प्रयास करेगा। वहीं, आज मौजूदा सरकार द्वारा सदन के पटल पर नकल अध्यादेश रखा जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अध्यादेश 2023 को सदन के पटल पर रखा जाएगा। जानकारी के मुताबिक आज ही सदन के पटल पर 1 अध्यादेश, 6 विधेयक पुर:स्थापित होंगे, 12 अधिनियम बनेंगे। दरअसल भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय के लिए नकल अध्यादेश बनाया गया है। जिसे हाल ही में कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद आज सदन के पटल पर रखा जाएगा।

गन्ना किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे कांग्रेसी विधायक
विधानसभा सत्र के दूसरे दिन यानी आज कांग्रेसी विधायक सदन के बाहर गन्ना किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे। जहां विधायकों ने गन्ने का बकाया मूल्य भुगतान की मांग को लेकर हाथों में गन्ना लेकर प्रदर्शन किया। जानकारी के मुताबिक, आज विपक्ष सदन में काम रोको प्रस्ताव के तहत भर्ती घोटाला और गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने की मांग का मुद्दा उठाएंगे।

 

Harman Kaur

Advertising