Joshigaon Incident में आया नया मोड़! मां सहित 3 बच्चों के शवों का हुआ पोस्टमार्टम, जहर खाने से हुई मौत

Saturday, Mar 18, 2023 - 01:32 PM (IST)

बागेश्वर: उत्तराखंड में बागेश्वर जिले के जोशी गांव में मिले चार शवों के पोस्टमार्टम के बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम में चोट के निशान नहीं मिले है। बताया जा रहा है कि चारों की मौत जहर खाने से हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने कमरे से सल्फास नुमा पदार्थ भी बरामद किया है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि यह जहर उन्होंने खुद खाया था जा फिर उन्हें खिलाया गया था। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।



जानें क्या है पूरा मामला?
बता दें कि मामला जिले मुख्यालय के नजदीक स्थित जोशी गांव का है। जहां वीरवार शाम को गांव के कुछ लोग एक मकान के पास से जंगल की तरफ जा रहे थे तो उनको बदबू महसूस हुई। आस पास कोई नही था तो उन्होंने मकान मालिक को फोन किया। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को घर के अंदर से एक महिला और 3 बच्चों के सड़े-गले शव मिले। शवों की हालत ने पुलिस को स्तब्ध कर दिया।

सीओ कंडारी ने बताया कि मरने वालों में मृतक नंदी पत्नी भूपाल राम के अलावा बेटी अंजलि (13), बेटा कृष्णा (7) और पुत्र भास्कर (5-6 माह) शामिल है। इसी कड़ी में बीते शुक्रवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंपा दिए। जिसके बाद सरयू-गोमती संगम पर महिला और उसके 2 बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया जबकि छह माह के मासूम को दफनाया गया। वहीं, अब पुलिस मृतक महिला के पति की खोज में जुटी हुई है।



ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व घटनास्थल के आसपास से बच्चे के रोने जैसी आवाज भी लोगों ने सुनी थी। इसके पीछे अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक बच्चा भास्कर तब शायद जिंदा हो लेकिन लोग बच्चे के रोने की बात समझ नहीं पाए।

पुलिस के अनुसार, घटना होली के आसपास की है। तब से गांव के लोगों ने मृतका और उसके बच्चों को नहीं देखा था। बताया जा रहा है कि जोशी गांव निवासी गोविंद सिंह बिष्ट का मकान गांव से काफी दूर अकेले में था।

चार साल पहले गोविंद सिंह ने यह मकान छोड़ दिया था और तकरीबन 2 साल पहले इस मकान को किराए पर दे दिया था। गांव के अन्य मकानों से काफी दूर होने की वजह से इस मकान की ओर गांव के लोगों की आवाजाही कम थी। 

Harman Kaur

Advertising