होली पर पुलिस प्रशासन अलर्ट, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्रवाई; रहें सावधान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:50 PM (IST)

हरिद्वारः उत्तराखंड के हरिद्वार में रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। होली के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मंगलवार को जिलावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली की आड़ में हुड़दंग, अव्यवस्था या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार गश्त करने तथा सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी जाति या समुदाय के प्रति अपशब्दों का प्रयोग न करें तथा सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में नागरिक तुरंत डायल 112 या अपने नजदीकी थाना/चौकी से संपर्क करें। रंगों का यह पर्व खुशियों का प्रतीक बने, अव्यवस्था का नहीं - इसी उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ डटा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News