PM मोदी के 9 साल का कार्यकाल अभूतपूर्व, देश ने हासिल की कई अहम उपलब्धियां: रेखा आर्या

Wednesday, Jun 07, 2023 - 09:13 AM (IST)

 

अल्मोड़ा/नैनीतालः उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नौ वर्ष का कार्यकाल अभूतपूर्व रहा है। देश ने इस दौरान कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्व में देश और भारतीयों का मान सम्मान बढ़ा है।

आर्या ने मोदी सरकार के नौ साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के तहत अल्मोड़ा में एक निजी होटल में आयोजित ‘मीडिया संवाद' कार्यक्रम में केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में भारतीय राजनीति और देश के विकास में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। कई अच्छी पहल की गईं, जिनमें से जन धन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत योजना, नई शिक्षा नीति आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।



कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इनके अलावा नोटबंदी, जीएसटी, आर्थिक सुधारों की पहल, घर-घर तक बिजली पहुंचाना, हर घर नल, नई सड़कों का निर्माण, नागरिकता संशोधन बिल, एकल भारत अभियान, देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में सुधार, आत्मनिर्भर भारत अभियान, जल जीवन मिशन, स्वामित्व के संबंध में कानूनी सुधार, देश के आंतरिक और बाह्य मामलों की नीतियों के संशोधन आदि कई अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनके अलावा कश्मीर से धारा 370 समाप्त करने, तीन तलाक से निजात दिलाना, भव्य राम मन्दिर का निर्माण, उज्जैन महाकाल का लोकार्पण, काशी विश्वनाथ गलियारे का निर्माण, नए संसद भवन का निर्माण आदि अनेक ऐसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश ने अनेक ऐसी उपलब्धियां इन नौ वर्षों के शासनकाल में प्राप्त की हैं, जिनको जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी की ओर से महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

वहीं रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। प्रदेश सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसी योजनाएं बनाई जा रही हैं जिनसे हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यटन, योग-आयुष एवं आयुर्वेद को बढ़ावा मिलने के साथ ही हमारी आर्थिकी भी मजबूत होगी।

Nitika

Advertising