Lok Sabha Elections: केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट सहित सहित कई प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन

Thursday, Mar 28, 2024 - 01:40 PM (IST)

 

देहरादूनः लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन बुधवार को केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट सहित कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

उत्तराखंड की नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अजय भट्ट ने रुद्रपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और विधायक शिव अरोड़ा, सरिता आर्य एवं राम सिंह कैरा मौजूद रहे। भट्ट केंद्रीय रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री हैं। भट्ट नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से मौजूदा सांसद हैं। उन्होंने 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को हराकर यह सीट जीती थी।

धामी ने भट्ट के समर्थन में रुद्रपुर के गांधी मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता का जोश और उत्साह इस बात के संकेत हैं कि वे एक बार फिर भाजपा को अपना आशीर्वाद देंगे। धार्मी ने कहा, ‘‘हमें हर निर्वाचन क्षेत्र में लोगों से भारी समर्थन मिल रहा है। उनका उत्साह इस बात का संकेत है कि वे एक बार फिर हमारे उम्मीदवारों को आशीर्वाद देंगे और नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरा कार्यकाल देंगे।''

धामी ने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि अपने तीसरे कार्यकाल में वह और भी बड़े फैसले लेंगे और भारत एक प्रमुख विश्व शक्ति के रूप में उभरेगा।'' इस बार भट्ट का मुकाबला कांग्रेस के प्रकाश जोशी से है। इससे पहले भाजपा के अजय टम्टा (अल्मोड़ा), त्रिवेन्द्र सिंह रावत (हरिद्वार), माला राज्य लक्ष्मी शाह (टिहरी गढ़वाल) और अनिल बलूनी (पौड़ी गढ़वाल) ने नामांकन दाखिल किए थे। राज्य की पौड़ी गढ़वाल सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने भी बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने छत्री धार से रामलीला मैदान तक रोड शो किया और एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया। पूर्व विधायक गोदियाल का मुकाबला भाजपा के बलूनी से होगा।

Nitika

Advertising