चमोली में बड़ा हादसाः यात्रियों से भरी कार दुर्घटनाग्रस्त, 6 लोग थे सवार; मच गई चीख-पुकार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 02:11 PM (IST)
चमोलीः उत्तराखंड के चमोली में भीषण हादसा हुआ है। जहां यात्रियों से भरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक सामान से लदे डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत हुई है। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया गया कि कार सवार सभी लोग औली घूमने आए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गोपेश्वर के ज्योतिर्मठ-औली मोटर मार्ग पर हुई है। जहां स्थित फारेस्ट कालोनी के पास एक डंपर और पर्यटकों से भरी कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के दौरान कार में 6 लोग सवार थे। बताया गया कि कार सवार सभी लोग औली घूमकर ज्योतिर्मठ की ओर आ रहे थे। जबकि सामान से लदा डंपर औली की ओर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई।
घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से ज्योतिर्मठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। वहीं, कार में सवार दो अन्य को हल्की चोट आईं हैं। जिनमें एक महिला व बच्ची शामिल है। घटना में घायलों की पहचान दाल कटोरा रोड, लखनऊ, उत्तर प्रदेश निवासी अख्तर, उसकी पत्नी सना, बेटी आयत और सावान के रूप में हुई है।
