बड़ा हादसाः चार युवकों की दर्दनाक मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी कार; उड़े परखच्चे
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 11:01 AM (IST)
उत्तराखंड डेस्कः इस समय एक भीषण सड़क दुर्घटना की खूबर सामने आई है। जहां उत्तराखंड के युवकों की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। बताया गया कि सोमवार सुबह कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी कार सवार उत्तराखंड के नैनीताल-हल्द्वानी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे क्षेत्र में हुई है। जहां सोमवार सुबह दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे मनकरा मोड़ के पास यह हादसा उस समय हुआ जब रामपुर से दिल्ली जा रही एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग फंस गए।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतकों में एक की पहचान दयाल सिंह रावत पुत्र कुमार पाल, निवासी अपर माल रोड, बीमिला कंपाउंड, पालिवाल, नैनीताल के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान यशदीप पुत्र चंद्रवाला पांडे, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो उत्तराखंड के नैनीताल-हल्द्वानी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
