हवस का भूखा तीरंदाजी कोच! नाबालिग छात्रा से किया रेप, फिर दी जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 09:17 AM (IST)

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में बृहस्पतिवार को तीरंदाजी के एक कोच पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि कनखल क्षेत्र के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी कोच पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

आरोपी ने डरा धमकाकर किया रेप 
पुलिस के अनुसार, आरोपी कोच उसी स्कूल में बच्चों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता है। तहरीर के अनुसार, कोच ने छात्रा को कथित तौर पर डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी कोच ने पिछले वर्ष अक्टूबर में छात्रा को धमकाकर उससे दुष्कर्म किया और इसके बाद उसे लगातार चुप रहने के लिए डराता-धमकाता रहा । पीड़ित छात्रा भय की वजह से कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी।

छात्रा ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को बताई आपबीती 
पुलिस का कहना है कि आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी जिसके बाद पीडि़ता के पिता उसे लेकर कनखल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरोपी कोच पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

जल्द होगी गिरफ्तारी 
कनखल के थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामला एक प्रतिष्ठित स्कूल से जुड़ा होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। रावत के अनुसार, आरोपी पवन मूल रूप से हरियाणा का निवासी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी कोच की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं उसने अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसी हरकत तो नहीं की है।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News