बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटा और ले ली पत्नी की जान, फिर खुद थाने पहुंच गया आरोपी पति

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 10:11 AM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक युवक ने गुरुवार को अपनी पत्नी से मामूली कहासुनी के बाद एक धारदार हथियार (पाटल) से उसके गले पर कई प्रहार करके हत्या कर दी और बाद में पुलिस चौकी पहुंचकर आत्म समर्पण कर दिया। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले का रहने वाले रामजी पाल (38 वर्ष) ने कोतवाली डालनवाला की चौकी आराघर पर आकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ मोहिनी रोड पर एक मकान में रहता है। जब वह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर वापस आया तो पत्नी सोनू पाल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उसने गुस्से में आकर कमरे में रखी धारदार पाटल से पत्नी के गले पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी और पाटल को घर के पास ही झाड़ी में फेंक दिया।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल अभियुक्त को साथ लेकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस को महिला के शव के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान मिले। पुलिस ने तत्काल ही मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डोभाल ने बताया कि सोनू पाल के परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त रामजी पाल को गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हुए पाटल को बरामद कर लिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot