उत्तराखंड में भीषण हादसा ! अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में गिरी, शिक्षिका समेत 4 लोग थे सवार; मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 09:14 AM (IST)
टिहरीः उत्तराखंड में जनपद टिहरी के घनसाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नैल-थापला मोटरमार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। थापला के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय बोंसला में परीक्षा परिणाम वितरण के बाद शिक्षिका नीता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री उर्मिला तथा दो छात्राएं नंदिनी और स्नेहा कार से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर पड़े मलबे और फिसलन के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्वयं राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के लिए लोक निर्माण विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि सड़क पर लंबे समय से मलबा जमा था, जिसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
