राज्यपाल गुरमीत सिंह एवं पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

punjabkesari.in Friday, Jan 26, 2024 - 11:53 AM (IST)

 

देहरादूनः गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं देने के साथ अपना संदेश भी दिया।

धामी ने अपने संदेश में कहा कि राज्य में जल्द ही समान नागरिक संहिता कानून लागू करने के लिए विधानसभा सत्र बुलाया जाएगा। समान नागरिक संहिता के लिए गठित कमेटी की ड्राफ्ट रिपोर्ट जल्द मिलेगी। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता के लिए बनाई गई पांच सदस्यों की कमेटी ने ड्राफ्ट पूरा कर लिया है। ड्राफ्ट मिलते ही जल्दी विधानसभा का सत्र बुलाकर विधानसभा में समान नागरिक संहिता का कानून पूरे उत्तराखंड में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के विकास, कल्याण और उन्नति हेतु संकल्पबद्ध है। जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन की नीति का अनुसरण कर राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। जनसेवा से संबंधित अधिकांश सेवाएं ऑनलाईन की गई हैं।

वहीं राज्यपाल सिंह ने अपने संदेश में कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के साथ-साथ गणतंत्र का भी यह अमृत महोत्सव है। नए सपने, नए संकल्प और नित्य-नूतन सिद्धियों का समय है। उन्होंने कहा कि साल 2024 में, हम सभी का समर्पण भाव, इच्छा शक्ति और कार्यशैली हमारे प्रदेश की दशा और दिशा तय करने वाली है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से केन्द्रीय योजनाओं से मिल रही मदद से राज्य के विकास में अभूतपूर्व तेजी आई है।

सिंह ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा' से केंद्र एवं राज्य की योजनाओं से वंचित कई लोग इसका लाभ उठाएंगे। उत्तराखंड को इस दशक में देश का विकसित, सर्वश्रेष्ठ एवं अग्रणी राज्य बनाने के लिए हम सबको संकल्प, सिद्धि और सामर्थ्य के साथ अपना योगदान करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष होने वाले राष्ट्रीय खेलों के आयोजन यहां की प्रतिभाओं के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मातृशक्ति, युवा शक्ति के साथ-साथ पूर्व सैनिकों की अहम भागीदारी से उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने राज्य के विकास का नया अध्याय लिखने के लिए हर व्यक्ति के योगदान की आवश्यकता बताई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News