बाबा साहेब की जयंती पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

Friday, Apr 14, 2023 - 05:13 PM (IST)

उधम सिंह नगर (निज़ामुद्दीन शेख़): भारत के संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का 132 वां जन्मदिन आज देश और प्रदेशभर में मनाया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न स्थानों के साथ-साथ जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गढ़ीनेगी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वंशीधर भगत ने शिरकत की।



बता दें कि प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल के दिन को देशभर में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। आज बाबा साहब का 132वां जन्मदिन पूरे देश के विभिन्न स्थानों पर धूमधाम के साथ मनाया गया। इसी क्रम में जिले के उधम सिंह नगर के जसपुर विधानसभा के ग्राम गढ़ीनेगी में अंबेडकर पार्क में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा कालाढूंगी के विधायक वंशीधर भगत ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि के द्वारा माल्यार्पण कर की गई।



इस मौके पर मुख्य अतिथि वंशीधर भगत ने मीडिया से बात करते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत के साथ विश्व के ऐतिहासिक पुरुष और विद्वान कहते हुए कहा कि उन्होंने जो काम किए हैं, वह कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें जाति बंधन में बांधने का प्रयास किया। उन्होंने इससे दूर हटकर सर्व समाज और देश के लिए कार्य किया। वंशीधर भगत ने बीते दिनों भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा कांग्रेस के विधायकों के संपर्क में आने के बयान पर अनभिज्ञता जताते हुए इतना जरूर कहा कि पूरा राजनीतिक क्षेत्र अब भाजपा की तरफ देख रहा है। उन्हें लगता है कि इस जहाज को अब कोई चला सकता है वह भारतीय जनता पार्टी ही चला सकती है। इसीलिए सब भाजपा में आने का प्रयास कर रहे हैं।

Harman Kaur

Advertising