शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और फिर धोखा...हरियाणा का युवक कोटद्वार से गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 11:17 AM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अन्तर्गत केंद्रीय सरकारी सेवा में कार्यरत एक युवक ने स्थानीय एक युवती से पहले प्यार का इजहार किया, फिर शादी का वादा और फिर मुकर गया। पीड़िता ने धोखेबाज आशिक की शिकायत पुलिस से की तो बेवफा आशिक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक हरियाणा के भिवानी खेड़ा का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बीते 03 जुलाई को वादिनी ने कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें उसने बताया कि केंद्र सरकार के एक विभाग में तैनात आशीष यादव द्वारा उन्हें शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मुकदमा संख्या 147/2026, धारा 69 एवं 351(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया।
प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के द्दष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं को निर्देशित किया। जिनके पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने प्रकरण की विवेचना एवं साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में नामजद अभियुक्त को रविवार को कोटद्वार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त आशीष यादव भिवानी खेड़ा, हरियाणा का रहने वाला है।
