5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म, जेल से छूटते ही आरोपी ने की घिनौनी वारदात

punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 04:41 PM (IST)

Uttarakhand News: उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने पांच वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण एवं दुष्कर्म जैसे संवेदनशील मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 23 जून को कोतवाली पिथौरागढ़ में बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर तत्काल मामला दर्ज कर चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। 

टीमों ने कस्बे के सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने सघन तलाश अभियान चलाते हुए बच्ची को टनकपुर तिराहे के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दीं। 

आरोपी की पहचान होशियार सिंह (35) निवासी रई धनौड़ा, पिथौरागढ़ के रूप में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को बुधवार देर रात को पुनेड़ी महर रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2022 में भी एक नाबालिग के अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। उस मामले में उसे न्यायालय से कारावास की सजा मिली थी और वह 14 मई 2026 को हरिद्वार जिला कारागार से निजी बंधपत्र पर रिहा हुआ था। पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में आरोपी के विरुद्ध ऐसी धाराओं में कार्रवाई की गई है, जिनमें आजीवन कारावास अथवा मृत्युदंड तक का प्रावधान है। 

विवेचना के दौरान सभी आवश्यक धाराएं जोड़ दी गई हैं और अभियोजन पक्ष न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास करेगा। इस मामले के सफल अनावरण में कोतवाली पिथौरागढ़ की सभी पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्ची की बरामदगी में हेड कांस्टेबल मुकेश शर्मा एवं कांस्टेबल पंकज गिरी, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी ने किया। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ की ओर से उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News