उत्तरकाशी में कुत्तों का आतंक ! 18 लोगों को नोंच-नोंच कर काट खाया, क्षेत्र में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 12:29 PM (IST)
उत्तरकाशीः जनपद उत्तरकाशी में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां नगर क्षेत्र में लावारिस कुत्तों ने 18 लोगों को काट खाया। हमले में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, वहां भी अव्यवस्था देखने को मिली।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जोशियाड़ा कस्बे में हुई है। जहां बुधवार को कुछ कुत्तों ने अचानक हमला कर 18 लोगों को काट लिया। आनन-फानन में घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पीड़ितों को रेबीज के इंजेक्शन लगाने के लिए जरूरी सिरिंज उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में अस्पताल के बाहर से सिरिंज खरीदनी पड़ी। जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। साथ ही उनका उपचार किया गया।
हमले में शिवम, विजय देव, अनुराधा, रोशनी, आदित्य, दिव्यांश समेत 18 लोग घायल हुए है। बताया गया कि सड़क से गुजर रहे थे। तभी कुत्तों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आपातकालीन सेवा में तैनात डॉ. टीना ने बताया कि कुल 18 लोगों का उपचार किया गया है। वहीं, नगर पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने स्थिति को चिंताजनक बताया है। उन्होंने लावारिस कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
