हरिद्वार में श्रद्धालुओं ने लगाई पावन डुबकी, भगवान शिव के ससुराल में जलाभिषेक के लिए भक्तों का लगा तांता

Saturday, Feb 18, 2023 - 01:12 PM (IST)

हरिद्वार: शिवरात्रि का त्यौहार पूरे देश भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड के हरिद्वार में भी महाशिवरात्रि की बड़ी धूम है। यहां हरकी पैड़ी पर भक्‍त पावन डुबकी लगा रहे हैं। वहीं भगवान शिव के ससुराल कनखल के दक्षेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।



शहर में बम बम भोले के जयकारों की है गूंज 
बता दें कि पूरा शहर बम बम भोले के जयकारों से गुंजायमान है। शहर के विभिन्न मंदिरों में भक्त भगवान भोले शंकर को गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा चढ़ाकर शिवकृपा की कामना कर रहे हैं। शहर ही नहीं देहात क्षेत्र में भी महाशिवरात्रि की धूम है। यहां भी सुबह 4:00 बजे से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है।



सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रित करने को बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है।

Khushi

Advertising