मुख्यमंत्री धामी ने बुलाई अहम मीटिंग

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 02:54 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड के देहरादून में स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अहम मीटिंग बुलाई। बैठक में पिटकुल से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट और सख़्त निर्देश दिए कि लंबित परियोजनाओं को हर हाल में तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बिजली चोरी पर बिना किसी ढिलाई के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्युत वितरण लॉस में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इसके लिए हर अधिकारी की भूमिका और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। बैठक में सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उन्हें लेकर तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी तय की जाए।

सीएम धामी ने कहा कि आगामी गर्मियों के दौरान यदि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। इस विषय में कोई बहाना, कोई स्पष्टीकरण और कोई टालमटोल स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों को यूजेवीएनएल और यूपीसीएल के साथ प्रभावी और ज़मीनी समन्वय बनाकर गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, सीएसआर मद से प्राप्त धनराशि के लिए पृथक खाता खोलने, तथा एडीबी पोषित कार्यों से जुड़े सभी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News