"चारधाम यात्रा आर्थिकी का आधार, नकारात्मक माहौल न बनाए", विधानसभा में बोले CM धामी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:17 PM (IST)
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा (विस) के एक दिवसीय विशेष सत्र में नेता सदन की हैसियत से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि इस समय हमारे यहां चारधाम यात्रा चल रही है, वह हमारी आर्थिकी का आधार है, इसलिए नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास न किया जाए।
"हमारी पवित्र चारधाम यात्रा का विरोध न करें"
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में कुछ लोग रील बनाकर इसे राजनीति की भेंट चढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से कहा कि वे सरकार का विरोध कर सकते हैं, बीकेटीसी का भी विरोध हो सकता है लेकिन हमारी पवित्र चारधाम यात्रा का विरोध न करें। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम तो महादेव का स्थल है। सरकार यात्रा को हर तरह से सकुशल सम्पन्न कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हमारी सामुहिक आस्था की कठिन यात्रा है। ये यात्रा उत्तराखंड की आर्थिकी के लिए भी जीवनरेखा का काम करती है। इसलिए नकारात्मक बातों से चारधाम यात्रा का विरोध न करें, बल्कि यात्रा और यात्रियों को प्रोत्साहन प्रदान करें।
विस सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा एलपीजी के अभाव पर उठाए गए सवाल के जवाब में नेता सदन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस किल्लत नहीं है। इस बारे में उनकी एक दिन पहले ही केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से मुलाकात हुई है। इस समय पश्चिम एशिया में युद्ध चल रहा है। ये युद्ध मात्र भारत की चुनौती नहीं है बल्कि पूरी दुनिया इससे प्रभावित है लेकिन हमारे पास प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व है। जिनके नेतृत्व में दुनिया पर छाए युद्ध के बादल के बीच भारत में उत्सव मनाए जा रहे हैं।
