1.8 करोड़ का लोन पास करने के बदले मांगी 9 लाख की रिश्वत, CBI ने बैंक मैनेजर और 2 एजेंट को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 05:47 PM (IST)

देहरादून: बैंक ऑफ बड़ौदा के एक शाखा प्रबंधक और दो बिचौलियों को एक आवेदक का ऋण मंजूर करने के बदले कमीशन मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर 18 नवंबर को देहरादून में बैंक की इंदिरा नगर शाखा के प्रबंधक और 'डायरेक्ट सेलिंग एजेंट' (डीएसए) के तौर पर काम करने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 1.8 करोड़ रुपए के ऋण को मंजूर कराने और उसका भुगतान कराने के बदले में, उन्होंने कर्ज की रकम का पांच प्रतिशत रिश्वत के तौर पर मांगा। यह पांच प्रतिशत रकम नौ लाख रुपये बनती है। 

बयान में कहा गया, "आरोपियों के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने उन्हें 3.8 लाख रुपए और 2.2 लाख रुपए (कुल 6 लाख रुपए) के दो बिना तारीख वाले चेक दिए और बताया कि 50,000 रुपये नकद दिए जाएंगे।" सीबीआई ने 18 नवंबर को एक जाल बिछाया और 50,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए एक डीएसए को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद, इस मामले में कथित संलिप्तता के लिए आरोपी शाखा प्रबंधक और एक अन्य डीएसए को भी गिरफ्तार कर लिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News