रिश्ते हुए तार-तार: 1 साल से बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था पिता, मां की शिकायत के बाद मामला दर्ज
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 11:12 AM (IST)
हरिद्वार: उत्तराखंड में हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में एक पिता पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ पिछले करीब एक वर्ष से अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे रविवार को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद में अपने पति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले लगभग एक वर्ष से नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें करता आ रहा था। विरोध करने और कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसके और बच्चों के साथ आए दिन गाली-गलौज तथा मारपीट करता है। आरोपी की कथित हरकतों के चलते नाबालिग बालिका भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी थी।
मामले की गंभीरता और बालिका की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश में उसके किराए के मकान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी घर पर ही मौजूद मिला, जिसे मामले की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में ले लिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
