उत्तराखंड हिमस्खलन में आठ मजदूरों की मौत, सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म
punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 05:42 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा पर स्थित माणा गांव के पास शुक्रवार को हुए हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता चल रहे तीन श्रमिकों के शव रविवार को खोज एवं बचाव दलों ने बरामद किए हैं। इससे पहले शनिवार रात चार श्रमिकों के शव बरामद किए गए थे। इस प्रकार अब तक कुल 8 श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
आपदा प्रबन्धन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि खोज एवं बचाव दलों ने रेस्क्यू अब समाप्त कर दिया है। सेना ने युद्धस्तर पर कार्य किया किया। उन्होंने बताया कि ज्योतिर्मठ में मृत श्रमिकों का पोस्टमार्टम किए जाने की कार्यवाही गतिमान है। मृतकों के शवों को उनके घर पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षित रेस्क्यू किए गए 44 श्रमिकों को ज्योतिर्मठ में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की स्थिति सामान्य है। उनके उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है तथा उनकी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सुमन ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो श्रमिकों का एम्स, ऋषिकेश में उपचार किया जा रहा है। एम्स, ऋषिकेश प्रशासन से प्राप्त सूचना के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है। आप को बता दें कि इस हादसे में कुल 54 लोग दबे थे।