गणित उत्सव 2023: गणित की महत्वपूर्ण भूमिका को मनाने का अवसर, “Mathematics for everyone” थीम पर विचार विमर्श
punjabkesari.in Friday, Sep 22, 2023 - 09:51 AM (IST)

ऋषिकेशः श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, पण्डित ललित मोहन शर्मा परिसर ऋषिकेश के गणित विभाग में गणित उत्सव 2023 का आयोजन किया गया, जो गणित के महत्व को मनाने और प्रमोट करने के लिए एक महत्वपूर्ण मौका प्रदान करता है। इस आयोजन के अंतर्गत “Mathematics for everyone” नामक थीम पर विचार-विमर्श किया।
रूसा सभागार में आयोजित गणित उत्सव 2023 में गणित विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता तोमर ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कहा कि गणित विषय छात्र छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज के समय में गणित को एक महत्वपूर्ण भाषा के रूप में माना जाता है, जो विज्ञान, इंजीनियरिंग, अर्थशास्त्र और अन्य कई विषयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह वह चाबी है, जो ब्रह्मांड के रहस्यों को खोलती है और हमें मानवता के सबसे जटिल चुनौतियों का समाधान करने की क्षमता प्रदान करती है।
इस प्रतिस्पर्धी युग में, हमें खुद को लगातार बेहतर बनाने के लिए उचित ज्ञान और सही उपकरणों और प्लेटफार्मों से लैस होने की आवश्यकता है। प्रो. लीलियाना गुरान, "वासिले गोल्डिस" पश्चिमी आराद विश्वविद्यालय, आरड, रोमानिया और मोहम्मद सजीद, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, कासिम विश्वविद्यालय, बुरयदाह 51452, सउदी अरब ने सभी के लिए गणित के महत्व पर एक अतिथि व्याख्यान दिया। प्रो. तोमर ने कहा कि इस आयोजन में शामिल होकर आपने हमें न केवल सम्मानित किया, बल्कि हमें यह प्रेरित भी किया कि हम गणित शिक्षा में उत्कृष्टता की मिशन को आगे बढ़ाते रहें।
इस उत्सव के मुख्य आतिथि कैम्पस निदेशक प्रो. एमएस रावत, जिन्होंने इस उत्सव को गौरवित किया। कहा कि हम सभी मिलकर गणित के विभिन्न पहलुओं की खोज करेंगे। छात्र हमारे विभाग के दिल हैं, और आपकी उपस्थिति इस गणित उत्सव के लिए महत्वपूर्ण है। छात्र-छात्राओं के सवाल, जिज्ञासा और उत्साह हमारे शैक्षणिक समुदाय को आगे बढ़ाने के लिए हमारी शक्ति हैं। आइए हम सभी मिलकर आगे बढ़ें, एक-दूसरे से सीखें। प्रो. रावत ने कहा कि गणित सभी छात्र-छात्राओं द्वारा सीखना जरूरी है। कार्यक्रम के समन्वयक गणित विभाग के डॉ. दीपा ने छात्र-छात्राओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा सचिव मैत्रेयी सकलानी ने गणित उत्सव 2023 की जानकारी देते हुए कार्यक्रम का संचालन किया गणित उत्सव 2023 में प्रश्नोत्तरी, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। निबंध प्रतियोगिता में आयुषि श्रीवास्तव पहले स्थान पर रहीं, लक्ष्मी शर्मा दूसरे स्थान पर आईं और बीरेंद्र राणा तीसरे स्थान पर रहे। आयुषि श्रीवास्तव पोस्टर प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहीं, पारस वर्मा दूसरे स्थान पर और आर्यभट्ट टीम प्रश्नोत्तरी में पहले स्थान पर रही।
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने गणित उत्सव 2023 और अतिथि व्याख्यान आयोजित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि समय समय पर विभिन्न ख्यातिप्राप्त विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रत्येक विषय में अतिथि व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम आयोजित करने पर विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता तोमर व गणित विभाग के सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई दी। इस अवसर पर भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण नौटियाल, प्रो. वायके शर्मा, प्रो. कंचन लता सिन्हा तथा गणित विभाग के डॉ. गौरव वार्ष्णेय, मांसी भट्ट, आरती बलोदी, दीपांशु मांजेरा सहित गणित के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।