7 मार्च को हरिद्वार पहुंचेंगे अमित शाह

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 02:54 PM (IST)

देहरादूनः केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सात मार्च को हरिद्वार के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर तैयारियां चल रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को तैयारियों का जायजा लिया। धामी सरकार के इस माह चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बैरागी कैंप में शाह की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।        

मुख्यमंत्री ने मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करने के बाद अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान, मुख्यमंत्री के साथ गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के साथ ही राज्यसभा सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में एक जनसभा के अलावा बैरागी कैंप में राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा भारतीय न्याय संहिता के लागू होने से नागरिकों को मिल रहे त्वरित न्याय से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगायी जाएंगी । इस वर्ष शाह का यह दूसरा हरिद्वार दौरा है। इससे पहले, वह जनवरी में दो दिवसीय दौरे पर हरिद्वार आए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News