लिव इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंत ! महिला पार्टनर और बच्ची की हत्या, गला-सड़ा शव मिला; फैली सनसनी
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 05:22 PM (IST)
रुद्रप्रयागः उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में अपनी सहजीवन साथी और उसकी नौ वर्षीय बेटी की हत्या करने के आरोपी नेपाली नागरिक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान दीपक बहादुर (38) के रूप में हुई है, जो सात मार्च को कोतवाली रुद्रप्रयाग में दर्ज दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में वांछित था।
पुलिस ने बताया कि रुद्रप्रयाग के प्राधिकारियों को एक किराए के कमरे से दुर्गंध आने के संबंध में छह मार्च को सूचना मिली। इलाके के एक निवासी ने गौर किया कि 34 वर्षीय एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ उस कमरे में रह रहा बहादुर कई दिनों से दिखाई नहीं दिया है और इसके बाद उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची एक टीम ने कमरा बंद पाया। अंदर प्रवेश करने पर महिला और बच्चे के शव सड़ी-गली हालत में मिले, जिससे पता चलता है कि हत्याएं कई दिन पहले की गई थीं।
पुलिस ने बताया कि बहादुर घटनास्थल से लापता था, जिसके चलते पुलिस को अपराध में उसकी संलिप्तता का संदेह हुआ। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली में उसके संभावित ठिकाने का पता लगाया और उसे पकड़ने के लिए सहायता मांगी। आखिरकार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास बहादुर की मौजूदगी का पता चला। स्टेशन पर भारी भीड़ के कारण पुलिस को शुरू में उसकी पहचान करने में कठिनाई हुई। हालांकि, टीम ने इलाके में तलाश जारी रखी और उसे उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह मुंबई जाने वाली ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ के दौरान बहादुर ने पुलिस को बताया कि महिला से उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और बाद में वह उसके और उसकी बेटी के साथ रहने लगा। आरोपी ने बताया कि बाद में उसे पता चला कि महिला का किसी और से संबंध था, जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। अधिकारी ने कहा, ''ऐसे ही एक विवाद के दौरान उसने महिला और बच्ची की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तराखंड पुलिस की टीम को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
