देहरादून में दो पक्षों में जमकर मारपीट, हमले में B.Tech छात्र की मौत; मचा हड़कंप

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 12:50 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में देहरादून के थाना प्रेम नगर क्षेत्र के अंतर्गत दो पक्षों के बीच कल हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की दून अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देहरादून के पुलिस अधीक्षक , सिटी प्रमोद कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मार्च की देर रात में कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रेम नगर को सूचना मिली थी कि केहरी गांव प्रेम नगर में कुछ लोगों के बीच आपस में मारपीट हो गई। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथियों ने घायल युवक को उपचार के लिए प्रेम नगर अस्पताल पहुंचाया।        इस सूचना के आधार पर प्रेम नगर के थानाअध्यक्ष पुलिस बल के साथ तत्काल सीएचसी प्रेम नगर पहुंचे, जहां घायल दिव्यांशु (22), निवासी मुजफ्फरनगर की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया।        

पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की सूचना दी, इसके बाद युवक के परिजन दून अस्पताल पहुंचे। दून अस्पताल में घायल युवक की इलाज के दौरान देर रात को मौत हो गई। पुलिस ने शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। इस मामले में परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेम नगर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी करने पर मालूम हुआ कि दोनों पक्षों के युवक प्रेम नगर स्थित एक निजी संस्थान में पढ़ते हैं। इनके बीच कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर पुराने रंजिश चल रही थी। फिलहाल अभियोग में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपितों युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा को हिरासत में लिया है। पुलिस की ओर से अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News