उत्तराखंड में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, इन 2 जिलों में हाई अलर्ट जारी; 12वीं तक के सभी स्कूल बंद
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 10:36 AM (IST)
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी चेतावनी के बाद चंपावत और ऊधम सिंह नगर में अलर्ट घोषित किया गया है। दोनों जिलों में अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की ओर से चंपावत में शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी होने के बाद पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को भूस्खलन, जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति अथवा अन्य किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा परिचालन केंद्र को 24*7 सक्रिय रखा गया है और पूरे जनपद में वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, खराब मौसम में ट्रेकिंग नहीं करने तथा मौसम विभाग की सभी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। साथ ही एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ सहित सभी संबंधित एजेंसियों को बाधित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं। ऊधम सिंह नगर में अलर्ट घोषित किया गया है। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और मौसम विभाग की भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली की चेतावनी के मद्देनजर सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में समन्वय बनाए रखने, संचार व्यवस्था सुचारू रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, मोटर मार्गों को शीघ्र खुलवाने, बाढ़ नियंत्रण कक्षों को 24*7 संचालित रखने तथा नगर निकायों को नालियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने और अपने मोबाइल फोन लगातार चालू रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने दोनों जिलों के नागरिकों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है। दूसरी ओर बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल में मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद कल पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
