उत्तराखंड BJP की बैठक में कांग्रेस पर तीखा वार, PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल को किया सलाम
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 03:34 PM (IST)
हल्द्वानी: भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक बुधवार को विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में आयोजित हुई, जिसमें पार्टी ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए। कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक एवं प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक समय तक सेवा करने के अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। प्रस्ताव में मोदी के अक्टूबर 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर मई 2014 से देश के प्रधानमंत्री बने रहने की यात्रा को राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के प्रति समर्पित एक युग के रूप में रेखांकित किया गया।
कांग्रेस की तीखी आलोचना की
बैठक में राष्ट्रगीत‘वंदे मातरम्'को लेकर कांग्रेस की तीखी आलोचना की गई। कार्यसमिति ने कांग्रेस द्वारा अपने कार्यक्रमों में गीत के केवल प्रथम दो पदों तक गायन सीमित रखने के 19 अगस्त के निर्णय पर कड़ी असहमति जताते हुए इसे राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के विरुद्ध बताया। साथ ही इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले से पूर्ण वंदे मातरम् के गायन तथा गीत की 150वीं वर्षगांठ पर केंद्र सरकार द्वारा आयोजित वर्षभर के राष्ट्रीय स्मृति समारोहों का उल्लेख किया गया।
कार्यसमिति ने उत्तराखंड के आर्थिक विकास पर डाला प्रभाव
कार्यसमिति ने उत्तराखंड के आर्थिक विकास पर भी प्रकाश डाला, जिसमें राज्य के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में दसवें से प्रथम स्थान पर पहुंचना, 1,01,175.33 करोड़ रुपये का राज्य बजट, 28 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां, करीब 1,750 स्टाटर्अप तथा होमस्टे की संख्या 3,935 से बढ़कर 6,161 होने जैसे आंकड़े शामिल रहे। चारधाम महामार्ग परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण नल कनेक्शन में हुई वृद्धि को भी उपलब्धियों के रूप में गिनाया गया।
नेपाल में हुए हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त की
बैठक में पड़ोसी देश नेपाल में हाल की प्राकृतिक आपदा तथा चमोली जिला की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना में दस श्रमिकों की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही कार्यसमिति ने कांग्रेस-भाजपा के बीच सामाजिक सौहार्द को लेकर हाल के आरोप-प्रत्यारोपों पर चिंता जताते हुए निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध को कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया।
भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन की भी कड़ी निंदा की
गत फरवरी में राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा किए गए प्रदर्शन की भी कड़ी निंदा की गई। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यसमिति ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय दायित्व दिए जाने पर गर्व व्यक्त किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में तथा सांसद अनिल बलूनी की राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में पुन: नियुक्ति शामिल है। साथ ही महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री तथा आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया।
