कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई: 3 वरिष्ठ नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 10:56 AM (IST)
Uttarakhand News: उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जनसंपर्क में जुटी हुई है। कांग्रेस के परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान पिथौरागढ़ में हुए कार्यक्रम में प्रदेश स्तरीय नेताओं का विरोध करने वाले तीन नेताओं के खिलाफ पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने जिला अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पार्टी की ओर से प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी द्वारा जारी निष्कासन पत्र के अनुसार, बीते 30 जून को जनपद पिथौरागढ़ में आयोजित 'परिवर्तन संकल्प सम्मेलन' कार्यक्रम के दौरान महेन्द्र सिंह लुंठी (पूर्व जिलाध्यक्ष, पिथौरागढ़), भावना नगरकोटी (पूर्व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस, पिथौरागढ़) और दीपक लुंठी, पिथौरागढ़ द्वारा मंच पर की गई अभद्रता एवं अनुशासनहीनता को द्दष्टिगत रखते हुए प्रदेश कमेटी के निर्देश पर उपरोक्त तीनों कांग्रेसजनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छ: वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।
