चार जुलाई से शुरू होगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था के इंतजाम

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 11:03 AM (IST)

हल्द्वानी: उत्तराखंड से संचालित होने वाली बहुप्रतीक्षित कैलाश मानसरोवर यात्रा चार जुलाई से शुरू होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।  कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चंपावत और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, केएमवीएन, बीआरओ, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से बताया गया कि इस वर्ष कुल दस यात्री दल कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाएंगे। प्रत्येक दल में लगभग 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। टनकपुर से शुरू होने वाली यात्रा 18 दिनों में पूरी होगी। बैठक में श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग के सभी पड़ावों पर आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराने को कहा गया है।

-बैठक में तय किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा बीआरओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी स्थान पर सड़क बाधित होती है तो उसे तत्काल खोलने की व्यवस्था की जाए। 

संवेदनशील स्थलों पर मशीनें पहले से तैनात रहेंगी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा 'अतिथि देवो भव:' की भावना के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पांच जुलाई को पहले यात्री दल को टनकपुर में हरी झंडी दिखाएगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News