Heavy Rain Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट जारी, 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 11:41 AM (IST)

Heavy Rain Alert: उत्तराखंड के कई हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई और मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गुरुवार व शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने गुरुवार को 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को नैनीताल में 33.5 मिलीमीटर (मिमी), कालाढूंगी में 30 मिमी, डंगोली में 28.5 मिमी, भीमताल में 27.5 मिमी, नरेंद्रनगर में 27 मिमी, पौड़ी में 26.5 मिमी, चोरगलिया में 25.5 मिमी, कौसानी में 24 मिमी, देवप्रयाग में 21 मिमी और कोश्याकुटोली में 20.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

प्रदेशभर में करीब 70 सड़कों पर यातायात बाधित
अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन हुआ और मलबा आने से प्रदेशभर में करीब 70 सड़कों पर यातायात बाधित हुआ। मौसम केंद्र ने गुरुवार को देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल व चंपावत जिलों में और शुक्रवार को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया। इस दौरान इन जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और अत्यधिक तेज बारिश होने का भी अनुमान है। बृहस्पतिवार के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News