पूर्व विधायक का अचानक हार्ट अटैक से निधन, राज्य भर में शोक की लहर
punjabkesari.in Sunday, Nov 08, 2026 - 11:08 AM (IST)
नैनीताल: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं नैनीताल के पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का शनिवार को दिल्ली में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नैनीताल, कुमाऊं मंडल और पूरे राज्य के आंदोलनकारियों तथा जनसंगठनों में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। वे अपने पीछे पत्नी प्रो. सावित्री जंतवाल और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. जंतवाल स्वास्थ्य जांच के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे, जहां दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। परिजनों के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर शनिवार देर शाम तक नैनीताल गया और उनका अंतिम संस्कार भीमताल स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। उक्रांद के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे डॉ. जंतवाल ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ राजनीति से जुड़े रहे और विभिन्न पदों पर रहे।
2002 में नैनीताल से बने थे विधायक
वर्ष 2002 में उत्तराखंड राज्य गठन के बाद हुए पहले विधानसभा चुनाव में वे नैनीताल सीट से उक्रांद के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। उनके निधन पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संरक्षक पी.सी. तिवारी, केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह और विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
