पौड़ी गढ़वाल में चीनी की जमाखोरी पर शिकंजा, 11 टीमों ने बाजारों में की ताबड़तोड़ छापेमारी
punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 07:44 PM (IST)
पौड़ी: उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने जिले में रविवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर गठित 11 टीमों ने विभिन्न बाजारों में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक और उपलब्धता की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में दुकानों की जांच की। इस दौरान व्यापारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा चीनी का अनावश्यक भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि चीनी का अवैध भंडारण, जमाखोरी, कालाबाजारी या अनियमित बिक्री करते पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कारर्वाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाजारों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से आगे भी नियमित और औचक निरीक्षण जारी रहेगा तथा अनियमितता मिलने पर सख्त कारर्वाई की जाएगी।
